*विद्यार्थियों को मिली शासकीय निःशुल्क गणवेश, बच्चों के चेहरों पर दिखा उत्साह*
संकुल केंद्र पचरी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को शासकीय निःशुल्क गणवेश का वितरण किया गया। गणवेश प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। इस अवसर पर प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क गणवेश योजना विद्यार्थियों में समानता, आत्मविश्वास तथा विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा पूरे मनोयोग से अध्ययन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सहयोगी शिक्षक तारकेश्वर कुमार धीवर एवं भारती तांती ने भी गणवेश वितरण में सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता, नियमित उपस्थिति एवं
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। विद्यालय परिवार ने इस जनहितकारी योजना के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। संकुल समन्वयक कांत कुमार एवं संकुल प्राचार्य अशोक कुमार कोशले ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्राप्त सुविधाओं का सदुपयोग करते हुए लगन एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी।