जैन साधु-साध्वियों के पैदल विहार की सुरक्षा हेतु राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने जिला प्रशासन को जारी किए निर्देश
जैन साधु-साध्वियों के पैदल विहार की सुरक्षा हेतु राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने जिला प्रशासन को जारी किए निर्देश
रायपुर। चातुर्मास प्रारंभ होने से पूर्व जैन साधु-साध्वियों द्वारा विभिन्न जिलों एवं शहरों की ओर पैदल विहार प्रारंभ कर दिया गया है। विगत दिनों देश के विभिन्न राज्यों में पैदल विहार के दौरान हुई सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर जैन साधु-साध्वियों के विहार मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा से जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर चातुर्मास के दौरान पैदल विहार करने वाले साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने का आग्रह किया था। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विहार के दौरान साधु-साध्वियों एवं सेवकों को व्यस्त सड़कों पर भारी वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने सभी जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों से विहार मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं समुचित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि जैन साधु-साध्वियों का पैदल विहार सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
आयोग अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता एवं अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि जैन समाज की इस महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा के दौरान आवश्यक सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।