*रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा का हुआ शुभारंभ, गूगल मीट के माध्यम से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को दी गई विस्तृत जानकारी*
*रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा का हुआ शुभारंभ, गूगल मीट के माध्यम से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को दी गई विस्तृत जानकारी*
रायपुर, 31 मई 2026।
समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) छत्तीसगढ़ के प्राणदा (रक्तदान) प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश में रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं नए रक्तदाताओं का निर्माण करने के उद्देश्य से आयोजित *"रक्तदान संकल्प एवं जागरूकता पखवाड़ा"* का विधिवत शुभारंभ 31 मई 2026 की रात्रि 8:00 बजे से 9:00 बजे तक गूगल मीट के माध्यम से किया गया। इस ऑनलाइन उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सामाजिक कार्यकर्ताओं, रक्तदाताओं, सक्षम पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारम्भ कोरबा जिला कोषाध्यक्ष मेशराम् पटेल जी द्वारा संगठन मंत्र से किया गया।
कार्यक्रम के *मुख्य अतिथि डॉ. राजेश अवस्थी* (प्रांत उपाध्यक्ष सक्षम छत्तीसगढ़ एवं जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बलौदा बाजार) ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानव जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को नई उम्मीद दे सकता है।
*विशिष्ट अतिथि डॉ. सत्यनारायण शर्मा* (प्रांत सविता प्रकोष्ठ प्रमुख एवं डीके हॉस्पिटल रायपुर ब्लड बैंक प्रभारी) ने रक्तदान जागरूकता अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज भी अनेक मरीज समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण कठिनाइयों का सामना करते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर किया तथा नियमित रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की *अध्यक्षता श्रीमती अंजली चावड़ा (प्रांत सह सचिव, सक्षम छत्तीसगढ़)* ने की। उन्होंने सक्षम संगठन का परिचय देते हुए बताया कि संगठन दिव्यांगजन एवं समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण हेतु विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है। उन्होंने रक्तदान को सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का श्रेष्ठ उदाहरण बताया।
कार्यक्रम का संचालन एवं पखवाड़े की विस्तृत जानकारी *श्री लोकनाथ सेन, प्रांत प्राणदा प्रकोष्ठ प्रमुख*, सक्षम छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि 1 जून से 14 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में "रक्तदान संकल्प पखवाड़ा" मनाया जाएगा। इस दौरान नए एवं नियमित रक्तदाताओं से ऑनलाइन संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे तथा नए रक्तदाताओं को आगामी तीन माह के भीतर रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि पखवाड़े के अंतर्गत रक्तदान जागरूकता अभियान, सोशल मीडिया जनसंपर्क, रक्त विकारों से संबंधित ऑनलाइन मार्गदर्शन, तथा रक्तदाताओं का नेटवर्क निर्माण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर विशेष ऑनलाइन गोष्ठी कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें रक्त विकार विशेषज्ञों द्वारा सिकल सेल, थैलेसीमिया एवं हीमोफीलिया जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि संकल्प लेने वाले एवं निर्धारित अवधि में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को आगामी 1 अक्टूबर 2026 को कोरबा में आयोजित रक्तदाता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से उत्कृष्ट रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों एवं रक्तदान के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने रक्तदान जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पखवाड़ा प्रदेश में रक्तदान की नई चेतना जागृत करेगा और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डॉ राजेश अवस्थी जी एवं डॉ सत्यनारायण शर्मा जी द्वारा उक्त कार्यक्रम् मे उपस्थित कार्यकर्ताओ के सवालों का जवाब दिया गया। उक्त कार्यक्रम मे सक्षम के प्रांतीय पदाधिकारी, सभी जिला के पदाधिकारी रक्तदान के छेत्र मे कार्य करने वाले रक्तदातागण जुड़े हुए थे।
*"खून से खून का रिश्ता जोड़ें, जीवन बचाने का संकल्प ओढ़ें"* के संदेश के साथ सारंगढ़ जिला संयोजक सरिता सिदार द्वारा कल्याण मंत्र के पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।