*मिशन उत्कर्ष 2.0 : आभासी प्रशिक्षण से संस्कृत शिक्षण में गुणवत्ता संवर्धन की नई पहल*
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के उद्देश्य से सत्र प्रारंभ होने से पूर्व जिला उत्कर्ष मिशन के अंतर्गत रायपुर जिले के विद्यालयीन शिक्षकों एवं व्याख्याताओं के लिए 09 जून 2026 से 11 जून 2026 तक त्रिदिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। आभासी पटल पर संचालित इस प्रशिक्षण में जिले भर के सैकड़ों शिक्षक एवं व्याख्याता उत्साहपूर्वक शामिल होकर अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित किए। विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हितों को केंद्र में रखकर तैयार किए गए ब्लूप्रिंट आधारित इस प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर रामजी निषाद (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकी), डॉ. व्यास नारायण आर्य (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरा) एवं बसंत कुमार ध्रुव (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपाझर) के कुशल मार्गदर्शन में संस्कृत विषय हेतु संपन्न हुआ। जिलाधीश एवं जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर के मार्गदर्शन और सौजन्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में वार्षिक परीक्षा की तैयारी, विद्यार्थियों की अधिगम संबंधी कठिनाइयों के समाधान, समस्या-आधारित प्रश्नों की समझ, सरल एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों, रचनात्मक, प्रयोगात्मक, अनुप्रयोगात्मक, विश्लेषणात्मक, गुणात्मक एवं मूल्यांकन आधारित प्रश्नों की अवधारणाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही शिक्षण-अधिगम को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए चित्र-चार्ट, शैक्षणिक सामग्री निर्माण, परियोजना कार्य तथा कक्षा शिक्षण में नवाचारों पर भी विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में हरमन कुमार बघेल, हेमंत कुमार साहू, मनीषा, लता, अंजना साव, अंजली परिहार, अर्चना तिवारी, गोपाल वर्मा, अमित ताम्रकार, चपेश्वर गोस्वामी, नीता डहरिया, धनीराम साहू, पद्मावती चंद्राकर, जगजीवन लाल, वंदना, अनिल कुमार, छन्नूलाल बंजारे, यशवंत, मोहित, नारायण, लोकेश्वरी कश्यप, अमृतलाल, रीति, रेणु, भूपेश कुमार, युवराज मिश्रा सहित सैकड़ों व्याख्याताओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने मिशन उत्कर्ष 2.0, जिलाधीश एवं जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे उपयोगी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने का आग्रह किया तथा प्रशिक्षण को सफल बनाने वाले सभी मास्टर ट्रेनरों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।