कांग्रेस युवाओं के भविष्य पर राजनीति करना बंद करे : संजय साहूनीट मामले की जांच सीबीआई कर रही है, कांग्रेस का आंदोलन केवल राजनीतिक स्टंट : गुलशन साहू
प्रेस विज्ञप्ति
कांग्रेस युवाओं के भविष्य पर राजनीति करना बंद करे : संजय साहू
नीट मामले की जांच सीबीआई कर रही है, कांग्रेस का आंदोलन केवल राजनीतिक स्टंट : गुलशन साहू
बालोद। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण सह-प्रमुख संजय साहू ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा नीट परीक्षा मामले को लेकर किए जा रहे आंदोलन को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि यह केवल मीडिया में बने रहने और संगठन में अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को साधने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले 12वीं बोर्ड परीक्षा पेपर लीक मामले में एनएसयूआई नेता वेणु जंघेल की गिरफ्तारी ने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया है।
संजय साहू ने कहा कि 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र पैसे लेकर बेचना, डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास करना तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार होना कोई सामान्य गलती नहीं, बल्कि एक सुनियोजित षड्यंत्र था। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे लोगों को संरक्षण कौन दे रहा था। जब प्रदेश के छात्रों का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा था तब कांग्रेस ने कोई आंदोलन क्यों नहीं किया?
भाजयुमो जिला अध्यक्ष गुलशन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पीएससी जैसी प्रतिष्ठित भर्ती परीक्षा घोटालों और अनियमितताओं के कारण चर्चा में रही। उस समय युवाओं के अधिकारों की रक्षा करने में विफल रहने वाली कांग्रेस आज नीट परीक्षा के नाम पर केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से संबंधित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार ने तत्काल जांच सीबीआई को सौंप दी थी। जांच एजेंसी लगातार कार्रवाई कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं के हितों और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गुलशन साहू ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन के उन नेताओं पर जवाब देना चाहिए जिन पर परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। युवाओं के भविष्य को लेकर भाजपा की सरकार पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश और देश का युवा कांग्रेस की भ्रामक राजनीति को समझ चुका है तथा विकास, सुशासन, पारदर्शिता और अवसरों की राजनीति का समर्थन कर रहा है।
भाजयुमो बालोद