रिपोर्टर रोहित वर्मा
खरोरा
*विश्व पर्यावरण दिवस पर खरोरा में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण, डस्टबीन वितरित*
खरोरा, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत खरोरा के वार्ड क्रमांक 12 में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय पार्षद पुनेन्द्र पाध्याय के वार्ड में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी, विशेषकर महिलाएं, शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान देशव्यापी 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरित होकर अतिथियों एवं वार्ड की महिलाओं ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया। इस अवसर पर छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए खरोरा को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए वार्डवासियों को सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित करने हेतु डस्टबीन भी वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा खुले में न फेंकें और निर्धारित डस्टबीन का उपयोग कर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि अनिल सोनी ने बताया कि इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्षा एवं नगर की प्रथम नागरिक श्रीमती सुनीता अनिल सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ पार्षद पुनेन्द्र पाध्याय, श्रीमती रश्मि वर्मा, पंचराम यादव, घनश्याम चंद्राकर, दीपक धनकर, श्रीमती लीला देवांगन ,मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं वार्डवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े इस संयुक्त अभियान की सराहना करते हुए इसे नगर के सतत विकास और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।