*नगर पालिका परिषद बालोद की विशेष बैठक में 3530 लाख रुपये से अधिक का बजट सर्वसम्मति से पारित*
*सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता कार्यों को मिली प्राथमिकता*
बालोद, 26 मई 2026। नगर परिषद की विशेष बैठक मंगलवार को परिषद सभागार में आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित आय-व्यय बजट तथा वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट पर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्रस्तुत बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। परिषद अध्यक्ष द्वारा सदन में बजट प्रस्तुत करते हुए नगर विकास से जुड़े प्रस्तावित कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि आगामी वित्तीय वर्ष के लिए परिषद द्वारा 3530.40 लाख रुपये की अनुमानित आय का बजट तैयार किया गया है। परिषद का मुख्य फोकस नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर रहेगा।
विकास कार्यों को बजट में प्रमुखता
बजट में नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके। इसके अलावा बुधवारी बाजार क्षेत्र में शेड निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सुविधा मिल सकेगी।
नगर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिकेट बॉक्स निर्माण का प्रावधान भी बजट में शामिल किया गया है। वहीं विद्युत पोल विस्तार एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए राशि निर्धारित की गई है, जिससे नगर के विभिन्न क्षेत्रों में रात्रिकालीन सुरक्षा और सुविधा बढ़ेगी।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक सुविधाओं पर भी जोर
नगर परिषद ने सामाजिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन निर्माण तथा नालंदा परिसर निर्माण जैसे कार्यों को भी बजट में शामिल किया है। इसके अलावा मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण, कुंओ के संरक्षण तथा पेयजल सुविधा विस्तार जैसे कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण को भी बजट में स्थान दिया गया है, जिससे नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
*आय के प्रमुख स्रोत*
प्रस्तुत बजट के अनुसार परिषद की अनुमानित आय में सबसे बड़ा हिस्सा अनुदान एवं अंशदान का है, जिससे 3301.93 लाख रुपये प्राप्त होने का अनुमान है। इसके अलावा नगर पालिका कर एवं दर से 84.51 लाख रुपये, विशेष अधिनियमों के अंतर्गत प्राप्तियों से 44.37 लाख रुपये, संपत्ति एवं अन्य स्रोतों से 25.08 लाख रुपये, जलकर एवं अन्य प्राप्तियों से 37.75 लाख रुपये तथा विविध मदों से 36.76 लाख रुपये की आय प्रस्तावित की गई है।
लोक निर्माण विभाग पर सबसे अधिक खर्च
वर्ष 2026-27 के अनुमानित व्यय में लोक निर्माण विभाग के लिए सबसे अधिक 2955.59 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त सामान्य प्रशासन एवं संग्रहण प्रभार के लिए 319.93 लाख रुपये, जनस्वास्थ्य एवं सुविधाओं के लिए 186.54 लाख रुपये, सार्वजनिक शिक्षा के लिए 28.85 लाख रुपये तथा सार्वजनिक सुरक्षा के लिए 15.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
2.99 लाख रुपये लाभ का अनुमान
नगर परिषद द्वारा प्रस्तुत बजट में कुल आय 3530.40 लाख रुपये तथा कुल व्यय 3527.41 लाख रुपये प्रस्तावित किया गया है। इस प्रकार परिषद को लगभग 2.99 लाख रुपये के लाभ का अनुमान है। बैठक के अंत में परिषद के सभी सदस्यों ने बजट का समर्थन करते हुए इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
नगर पालिका परिषद का यह बजट आगामी वर्ष में नगर विकास कार्यों को नई गति देने के साथ नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
*"हमने बनाया है*
*हम ही संवारेंगे।*