अल्दा के महापंचायत में भूपेश बघेल का बड़ा ऐलान, फर्जी एनओसी देने वालों की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा संघर्ष
तिल्दा नेवरा
दिलीप वर्मा
9424211900
अल्दा के महापंचायत में भूपेश बघेल का बड़ा ऐलान, फर्जी एनओसी देने वालों की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा संघर्ष
तिल्दा ब्लॉक के ग्राम अल्दा में आयोजित विशाल किसान महापंचायत में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रस्तावित उद्योग के खिलाफ चल रहे ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। महापंचायत में ग्राम अल्दा,देवरी सहित लगभग 30 से 40 गांवों के किसान, ग्रामीण एवं आंदोलनकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अल्दा और देवरी के किसानों तथा आंदोलन संचालन कर रही संघर्ष समिति से कहा कि वे पूरी गंभीरता, धैर्य और एकजुटता के साथ अपने आंदोलन की आगामी रणनीति पर विचार करें। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल दो गांवों की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के पक्ष में कथित रूप से फर्जी कूटरचना कर एनओसी जारी करने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ जब तक एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
भूपेश बघेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस दिन संघर्ष समिति और किसान थाना घेराव करने का निर्णय लेंगे और उन्हें बुलाएंगे, वे स्वयं किसानों के साथ थाना घेराव में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोग थाना के सामने तब तक डटे रहेंगे, जब तक फर्जी एनओसी प्रकरण में दोषी लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती। उनके इस बयान पर महापंचायत में उपस्थित किसानों और ग्रामीणों ने जोरदार समर्थन व्यक्त किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पर्यावरण स्वीकृति देने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणों के हितों की अनदेखी कर उद्योगों को लाभ पहुंचाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। महापंचायत में वक्ताओं ने कुम्हारी जलाशय को केवल निस्तारी एवं सिंचाई कार्यों के लिए सुरक्षित रखने तथा उद्योगों को दी गई जल उपयोग संबंधी स्वीकृतियों को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि जलाशय का पानी किसानों और आम जनता की जरूरतों के लिए है, इसे उद्योगों को देना क्षेत्र की कृषि और जल सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित होगा।
महापंचायत में उपस्थित किसानों और ग्रामीणों ने एक स्वर में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आंदोलन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक जनक राम वर्मा, शैलेश नितिन त्रिवेदी, कांग्रेसी नेता लक्ष्मी नारायण वर्मा, विजय सोनू मारखंडे, राम गिडलानी, रजत कश्यप, ओम ठाकुर, अतिशेष शर्मा, बलदाऊ साहू, किट्टू, प्रशांत गुप्ता, नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी,सहित भारी संख्या में ग्रामीजनजन उपस्थित हुए।
कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तिल्दा में कांग्रेस नेता राम गिडलानी के निवास में भोजन ग्रहण किया। यहाँ बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित हुए।