रिपोर्टर रोहित वर्मा
खरोरा
*सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, संवाद से मिला त्वरित समाधान : नवीन अग्रवाल **
खरोरा। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार – संवाद से संपूर्ण समाधान” के तहत नगर पंचायत खरोरा के वार्ड क्रमांक 13 स्थित सांस्कृतिक भवन में जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों के निरीक्षण से हुई। तत्पश्चात भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, श्रम, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की पहल की गई।
इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए गए। उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को उपचार किट एवं आयुष्मान कार्ड, जरूरतमंदों को वॉकिंग स्टिक, कृषि विभाग द्वारा बीज एवं कीटनाशक तथा श्रम विभाग द्वारा श्रम कार्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है। शासन की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि “प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ निरंतर जनकल्याण के कार्य कर रही है। सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ना है।”
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी, अनिल सोनी, सोना वर्मा, सुमित सेन, पुरेंद्र उपाध्याय, पंचराम यादव, सुनील नायक, योगेश्वर चंद्राकर, पूर्णिमा धनकर, अंबिका बंछोर, हेमलता नशीन, दामिनी देवांगन, राहुल मरकाम, जयप्रकाश वर्मा, शेखर देवांगन, रमेश शर्मा, धनेश वर्मा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।