*मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 31 जोड़े बंधे वैवाहिक सूत्र में, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने दिया आशीर्वाद*
रिपोर्टर रोहित वर्मा
खरोरा
*मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 31 जोड़े बंधे वैवाहिक सूत्र में, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने दिया आशीर्वाद*
खरोरा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भीमराव अम्बेडकर भवन, सासाहोली तिल्दा नेवरा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर 31 जोड़े वैवाहिक सूत्र में बंधे और नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नवदंपत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री भी वितरित की गई। आयोजन स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सामूहिक विवाह संपन्न हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उत्थान के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सरकार की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत नवविवाहित जोड़ों को विवाह परिधान सहित सुखद वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए 35 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बेटी के खाते में प्रदान की जा रही है।
उन्होंने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और समानता की भावना को और अधिक मजबूत कर रही है। कार्यक्रम के दौरान सभी नवदंपत्तियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर टिकेश्वर मनहरे, चंद्रकला वर्मा, स्वाति वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, महेश साहू, मुकेश भारद्वाज सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नवविवाहित युवक-युवतियाँ एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।