*तप्ती झुलसती गर्मी में भी राष्ट्रनिर्माण का दायित्व निभा रहे जनगणना कर्मी, घर-घर पहुंचकर कर रहे मकान सूचीकरण कार्य*
प्रेस विज्ञप्ति
*तप्ती झुलसती गर्मी में भी राष्ट्रनिर्माण का दायित्व निभा रहे जनगणना कर्मी, घर-घर पहुंचकर कर रहे मकान सूचीकरण कार्य*
राष्ट्रव्यापी जनगणना कार्यक्रम के प्रथम चरण अंतर्गत इन दिनों मकान सूचीकरण का कार्य तेज गति से संचालित किया जा रहा है। भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद जनगणना कर्मी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए घर-घर पहुंचकर आवश्यक जानकारियां ऑनलाइन अद्यतन कर रहे हैं। खरोरा क्षेत्र में जनगणना कार्य में संलग्न नारायण प्रसाद देवांगन ने बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत प्रत्येक घर तक पहुंचकर निर्धारित जानकारी एकत्रित की जा रही है तथा नागरिकों से भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। खरोरा निवासी धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि उनके निवास पर भी जनगणना कर्मी नारायण प्रसाद देवांगन पहुंचे, जिनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया तथा जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी सहयोगात्मक रूप से प्रदान की गई। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए सभी नागरिकों को जनगणना कर्मियों का सम्मान करते हुए उन्हें अपेक्षित जानकारी और पूरा सहयोग देना चाहिए, ताकि यह महत्त्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।