रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*अल्ट्राटेक सीमेंट हिरमी में विशाल धरना प्रदर्शन का प्रथम दिवस आयोजित*
खरोरा
अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी हिरमी में मंगलवार को स्थानीय किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों द्वारा विशाल धरना प्रदर्शन का प्रथम दिवस आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं श्रमिक शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने कंपनी प्रबंधन पर वादाखिलाफी, स्थानीय लोगों की उपेक्षा तथा श्रमिकों के शोषण का आरोप लगाते हुए अपनी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया।
धरना स्थल पर उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि आसपास के स्थानीय श्रमिकों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है तथा कई श्रमिकों को कार्य से बाहर कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने निकाले गए श्रमिकों को पुनः कार्य पर रखने की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा किसानों की जमीन का उपयोग किए जाने के बावजूद प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं रोजगार नहीं मिल पाया है। साथ ही सीएसआर मद की राशि का आसपास के गांवों के विकास में समुचित उपयोग नहीं होने की बात भी कही गई।
धरना प्रदर्शन के दौरान प्रभावित गांवों की शासकीय भूमि से कथित अवैध कब्जा हटाने, श्रमिक हितों की सुरक्षा तथा श्रम कानूनों के पालन की मांग उठाई गई। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन के प्रथम दिवस ग्रामीणों एवं श्रमिकों में भारी उत्साह देखने को मिला तथा प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की गई।