*बढ़ती गर्मी से झुलस रहे स्कूली बच्चे,समय में बदलाव जरूरी – डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप के कारण स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।इस गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने जिला प्रशासन से स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव करने की मांग की है।उन्होंने कलेक्टर अभिजित सिंह से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों का समय सुबह निर्धारित करने का आग्रह किया है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि जिले में भीषण गर्मी के कारण छोटे-छोटे बच्चे स्कूल आने-जाने में परेशान हो रहे हैं। कई स्कूलों में दोपहर तक कक्षाएं संचालित होने से बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।गर्मी के कारण बच्चे झुलसते हुए स्कूल से घर लौट रहे हैं और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम में तापमान लगातार बढ़ रहा है जिससे डिहाइड्रेशन,थकान और चक्कर जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में बच्चों को दोपहर की गर्मी में स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के साथ जोखिम लेने जैसा है।प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तुरंत निर्णय लेना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को राहत मिल सके।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि दुर्ग जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों का समय सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया जाए,ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।उन्होंने कहा कि हर साल गर्मी के मौसम में इस तरह की स्थिति बनती है,इसलिए समय रहते निर्णय लेना जरूरी है। यदि प्रशासन समय पर स्कूलों के समय में बदलाव करता है तो हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।बच्चों का स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों महत्वपूर्ण हैं, इसलिए गर्मी के इस मौसम में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए स्कूलों के समय में बदलाव करना बहुत आवश्यक है।