*सुबह 5 बजे शहर की सड़कों पर उतरीं कलेक्टर दिव्या मिश्रा, पैदल निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश — दूध गंगा सील करने के आदेश*
*सुबह 5 बजे शहर की सड़कों पर उतरीं कलेक्टर दिव्या मिश्रा, पैदल निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश — दूध गंगा सील करने के आदेश*
बालोद। आज दिनाँक 9/4/2026 को शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुन्दर बनाने की दिशा में बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने गुरुवार की सुबह प्रशासनिक टीम के साथ शहर का औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि कलेक्टर ने सुबह 5 बजे से ही नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी और संबंधित अधिकारियों के साथ पैदल चलकर शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं सामने आने पर कलेक्टर ने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत सर्किट हाउस बालोद से की गई, जहां से कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने पैदल भ्रमण करते हुए घड़ी चौक, पुराना बस स्टैंड, सदर रोड, बुधवारी बाजार, मधु चौक, जय स्तंभ, कला केंद्र, संजारी क्लब, दूध गंगा, गंगासागर तालाब और नया बस स्टैंड तक शहर की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सर्किट हाउस के समीप स्थित गुमटियों के व्यवस्थापन को लेकर नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं घड़ी चौक से पुराना बस स्टैंड और सदर मार्ग मे उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के लिए कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए।
बुधवारी बाजार पहुंचने पर कलेक्टर ने बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दुकानों के सुव्यवस्थित संचालन तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने और व्यवस्था सुधारने के लिए नगर पालिका को जिम्मेदारी सौंपी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने दूध गंगा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था में अव्यवस्था पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एसडीएम को तत्काल दूध गंगा को सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा कलेक्टर ने नया बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए बस स्टैंड के समीप बहने वाली नाली को व्यवस्थित और बेहतर रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने भी शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम श्री नूतन कंवर, तहसीलदार श्री आशुतोष शर्मा, नगर पालिका बालोद के सीएमओ श्री मोबिन अली सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा सुबह-सुबह किए गए इस निरीक्षण से शहर में व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती के संकेत मिले हैं और आने वाले दिनों में अतिक्रमण व सफाई को लेकर व्यापक कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
*हमने बनाया हैं*
*हम ही संवारेंगे।*