*सदर रोड अतिक्रमण हटाने को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक, सड़क के दोनों ओर चार मीटर तक हटेगा अतिक्रमण*
बालोद | 10 अप्रैल 2026
बालोद शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र सदर रोड में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद बालोद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शहर के व्यापारी वर्ग, सामाजिक प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में सदर रोड पर बढ़ते अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था में आ रही बाधाओं और शहर को व्यवस्थित बनाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। नपा अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने बैठक में उपस्थित सभी व्यापारियों से सुझाव आमंत्रित किए और उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को गंभीरता से सुना।
नपा अध्यक्ष ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर पालिका प्रशासन शहर के विकास और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सभी सुझावों को बालोद जिला कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के समक्ष रखा जाएगा, ताकि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जा सके।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन एवं व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सदर रोड के मध्य से दोनों ओर चार-चार मीटर तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि निर्धारित सीमा के बाद किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बढ़ने नहीं दिया जाएगा। इस निर्णय को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और आम नागरिकों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने भी शहर के विकास और सुव्यवस्थित यातायात के लिए प्रशासन के निर्णय का समर्थन किया तथा सहयोग का आश्वासन दिया एवं इस निर्णय का सभी व्यापारियों बंधुओ से स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हरीश सांखला , जैन समाज अध्यक्ष ताराचंद सांखला, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, कमल पंप पलिया, जिला भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी नरेंद्र सोनवानी, भाजपा शहर मंडल महामंत्री महेश पाठक, प्रीतम यादव, राकेश चौरडिया, तरुण बढ़तिया, लालचंद मूनीवाल, रमंतवानी लालू, राजू टुवानी, अटल दुबे, मोगली माधवानी, राजू यादव, रजत जैन, महेश लालवानी, विकास आहूजा, नरेंद्र बजाज, दीपक चेनानी, अजय ओटवानी, तिगाला जी, रतन बोहरा, राजा सलूजा, राजू गुप्ता, आशीष टुवानी, जीतू माधवानी, तरुण माधवानी, काकू रतन बोहरा, संचेती जी सहित बड़ी संख्या में शहर के व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की सहमति जताई। यह निर्णय आने वाले दिनों में सदर रोड की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक साबित होगा।