प्रेस विज्ञप्ति
रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं — मानव एकता दिवस पर भव्य रक्तदान शिविर आयोजित
भिलाई। मानवता, सेवा और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मानव एकता दिवस के अवसर पर एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन संत निरंकारी सत्संग भवन, स्ट्रीट 41, सेक्टर-8, भिलाई में सफलतापूर्वक किया गया।
इस पुनीत अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विजय बघेल उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जो न केवल जीवन बचाता है बल्कि समाज में भाईचारे और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम के संयोजक सेतपाल सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में शिविर का सफल संचालन हुआ। इस अवसर पर संदीप निरंकारी, मनबोध निरंकारी, इन्द्र जीत तथा चंद्र प्रकाश साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजन स्थल पर चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” सभी उपस्थित लोगों के मन में सेवा और परोपकार की भावना को और अधिक प्रबल करता नजर आया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता लाने और जरूरतमंदों की मदद करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।