दल्लीराजहरा में भाजपा ने मनाई अंबेडकर जयंती; सेवा और सद्भावना के संकल्प के साथ कार्यक्रमों का आयोजन
इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख की उपस्थिति में स्थानीय बौद्ध समाज स्थल पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उनकी जीवनी एवं सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि “डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन हमें समानता, शिक्षा और संघर्ष की प्रेरणा देता है। भारतीय जनता पार्टी उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भी बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है और सामाजिक न्याय को सशक्त किया है।”
इसके साथ ही जयंती के अवसर पर नगर में निकाली गई सद्भावना यात्रा में भाजपा मंडल द्वारा पेयजल वितरण कर सहभागियों का स्वागत किया गया और समाज में भाईचारा एवं एकता का संदेश दिया गया। नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भी मंडल द्वारा अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को डॉ. अंबेडकर के विचारों से अवगत कराया गया।
मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा कि “भाजपा का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलते हुए हम सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्यरत हैं। आज का यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं बल्कि उनके विचारों को अपनाने का संकल्प भी है।”
इसी दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई गई। सद्भावना यात्रा के दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों ने पेयजल वितरण कर लोगों का स्वागत किया और जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष समीर खान एवं प्रदेश आईटी सेल प्रभारी (अल्पसंख्यक मोर्चा) अमीक खान, प्रदेश मंत्री अकबर तिगाला की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
भाजपा मंडल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समाज के प्रमुख लोग एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल, प्रदेश - जिला पदाधिकारी मंडल मोर्चा के अध्यक्ष व उनके पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।