तिल्दा-नेवरा।
दिलीप वर्मा
9424211900
तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर वाहन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत।
नेवरा के अग्रसेन चौक से घासीदास चौक मार्ग पर कविता फोटो स्टूडियो के पास मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात्रि दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।
तिल्दा निवासी युवक कबीर मानिकपुरी दोपहिया वाहन पल्सर क्रमांक CG04 PG1450 में अपनी एक बहन व अपनी चाची को बैठाकर जा रहा था, कविता फोटो स्टूडियो के पास से मुख्य मार्ग पर जा रहा था तभी नेवरा की तरफ से तेज रफ्तार आ रही ट्रेलर वाहन क्रमांक CG04JC7215 ने पीछे से दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर पीछे बैठी महिला रामेश्वरी मानिकपुरी पति स्व सुरेश दास मानिकपुरी उम्र 43 वर्ष ट्रेलर वाहन की चपेट में आ गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई और कबीर मानिकपुरी घायल हो गया और 15 वर्षीय बच्ची को मामूली चोट आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रेलर चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी तिल्दा-नेवरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। तत्काल शव को उठवाकर मर्चुरी भिजवाया और घायलों को अस्पताल भेजा गया। साथ ही पुलिस द्वारा ट्रेलर वाहन को जब्त कर लिया गया है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रकों और ट्रेलरों का दिनभर जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आम लोगों के लिए आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर भारी वाहनों की कतार और तेज रफ्तार के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
लोगों ने कहा कि तिल्दा-नेवरा एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप ट्रैफिक व्यवस्था और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई है। यही वजह है कि आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।
घटना के बाद लोगों ने बायपास रोड निर्माण की मांग फिर तेज कर दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर के भीतर से ट्रकों और ट्रेलरों की आवाजाही बंद कर उन्हें किसी परिवर्तित मार्ग से निकाला जाए।
इधर पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण वर्मा ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के साथ साथ ट्रकों सहित भारी वाहनों का प्रवेश शहर में सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक बंद कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि भारी वाहन शहर के बीचोबीच मुख्य मार्गो पर तेज रफ्तार के साथ दौड़ रहे है जिससे यहां सड़क हादसे में कई लोगों की जाने जा रही है। कई घायल हो रहे है। उन्होंने कहा कि तिल्दा नेवरा एक औद्योगिक क्षेत्र बन गया है और ट्रैफिक पुलिस सहित बाय पास सड़क निर्माण की अति आवश्यकता यहां पर है।