प्रेस विज्ञप्ति
*भक्ति की गूंज से गूंजा भरुवाडीह कला, पंच दिवसीय रामायण का भव्य समापन*
ग्राम भरुवाडीह कला में श्री राम मानस मंडली, जानवी मानस परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से आयोजित पंच दिवसीय रामायण कार्यक्रम का अत्यंत भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में समापन हो गया। पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर राम कथा का श्रवण करते रहे। दूर-दूर के गांवों से आई रामायण टोलियों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे गांव को भक्ति और आध्यात्मिकता के वातावरण से सराबोर कर दिया।
समापन अवसर पर पूरे गांव में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के अंतिम दिन भव्य दीपदान का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों दीपों की रोशनी से पूरा परिसर आलोकित हो उठा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती संपन्न हुई, जिसमें सभी भक्तों ने एक साथ भगवान श्रीराम की आराधना कर गांव की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजन समिति के सदस्य योगेश निषाद, गजेंद्र निषाद, मोहन साहू, आरती निषाद, रामचरण साहू, बलराम वर्मा, अनिशा यादव, कविता यादव, सावित्री निषाद, डागेशवरी साहू, कपिल निषाद, दिलीप निषाद,भगत निषाद, हीरा सिंह वर्मा, नारायण साहू, जागेश्वरी निषाद, रमेश निषाद आदि ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि राम कथा प्रस्तुत करने के लिए पधारी सभी रामायण टोलियों को सम्मान स्वरूप शाल, श्रीफल एवं 701 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसाद की भी उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। शिक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि ग्राम भरुवाडीह कला में यह रामायण आयोजन हर वर्ष पूरे श्रद्धा, उत्साह और परंपरा के साथ आयोजित किया जाता है, जो गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि इन दिनों समीपस्थ ग्राम कठिया, कुम्हारी और पचदेवरी में भी राम कथा का आयोजन हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
इस आयोजन में ग्राम की सरपंच चित्ररेखा सेतकुमार बंजारे सहित ग्राम के गणमान्य नागरिकों और समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके कारण यह धार्मिक आयोजन अत्यंत सफल, भव्य और यादगार बन गया।