प्रेस विज्ञप्ति
*उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत संकुल केंद्र पचरी में मूल्यांकन परीक्षा का सफल आयोजन*
संकुल केंद्र पचरी अंतर्गत आने वाले छड़िया, नहरडीह, मधईपुर, कुम्हारी, आलेसुर, पचरी सहित अन्य विद्यालयों में राष्ट्रव्यापी उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत मूल्यांकन परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के व्योवृद्ध एवं असाक्षर शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा शिक्षा के प्रति अपनी रुचि एवं जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक दिन पूर्व शिक्षकों एवं प्रेरकों द्वारा गांव में घर-घर जाकर पारंपरिक रूप से पीले चावल छिड़ककर आमंत्रण दिया गया। इस पहल से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में शिक्षार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सकी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ मूल्यांकन कार्य संपन्न कराया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकगण प्रवीण कुमार साहू, संगम कुमार मन्नाडे, तारकेश्वर कुमार धीवर, भारती तांती सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम केवल परीक्षा का आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज के उन लोगों को शिक्षा से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास है
जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित रह गए थे। गांव के वरिष्ठ नागरिकों का इस कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लेना हमारे लिए गर्व की बात है और इससे शिक्षा के प्रति जागरूकता निश्चित रूप से बढ़ेगी। वहीं केंद्र अध्यक्ष शांता पठारे ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम समाज में शिक्षा का उजाला फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जब गांव के बुजुर्ग स्वयं आगे बढ़कर पढ़ने और परीक्षा देने के लिए तैयार हो रहे हैं, तो यह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से साक्षरता का स्तर और अधिक बढ़ेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रेरक जास्मीन कोशले, वैशाली वर्मा एवं तान्या रात्रे का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफल वातावरण में संपन्न हुआ तथा उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की। संकुल केंद्र पचरी के अंतर्गत सभी विद्यालयों द्वारा किए गए इस प्रयास को शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।