बेमेतरा:- श्री राम नवमी के पावन अवसर पर कुसमी नगर में भव्य शोभायात्रा सम्पन्न,
विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
मेघू राणा बेमेतरा। नगर पंचायत कुसमी में श्री राम सेना सनातन परिवार कुसमी द्वारा श्री राम नवमी के पावन अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामचन्द्र जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस भव्य एवं धार्मिक आयोजन में बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ निकाली गई। इस दौरान जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू ने भगवान श्री राम की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री राम केवल एक आस्था नहीं, बल्कि आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा हैं। उनका जीवन हमें सत्य, मर्यादा, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की शिक्षा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि श्री राम नवमी का पर्व हमें अपने जीवन में अनुशासन, त्याग, सेवा और समर्पण की भावना को अपनाने का संदेश देता है। भगवान श्री राम ने अपने आचरण से यह सिद्ध किया कि कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। आज के समय में हम सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में सद्भाव, भाईचारा और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना चाहिए।
विधायक श्री साहू ने आयोजन समिति श्री राम सेना सनातन परिवार कुसमी को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं युवा उपस्थित रहे।