*बर्ड फ्लू को लेकर प्रशासन सचेत रहे – भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने जिले में बर्ड फ्लू की संभावित आशंका को लेकर प्रशासन को सतर्क और सक्रिय रहने की सलाह दी है।उन्होंने कहा कि बिलासपुर में कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं,ऐसे में दुर्ग जिले में भी एहतियाती कदम उठाना बेहद जरूरी है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुधन को नुकसान से बचाया जा सके।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि बर्ड फ्लू एक गंभीर संक्रामक बीमारी है,जो पक्षियों के माध्यम से फैलती है और समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो यह आम लोगों और पशुपालकों के लिए खतरा बन सकती है।उन्होंने जिला प्रशासन,नगर निगम और पशुपालन विभाग से मांग की कि जिले के पोल्ट्री फार्म,मुर्गी बाजार, तालाबों और खुले क्षेत्रों में पक्षियों की नियमित जांच कराई जाए तथा संदिग्ध मामलों में तुरंत सैंपल जांच की व्यवस्था की जाए।उन्होंने कहा कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाना चाहिए, जिससे पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े लोगों, किसानों और आम नागरिकों को बर्ड फ्लू के लक्षण, बचाव और सावधानियों की जानकारी मिल सके।बाजारों और पोल्ट्री दुकानों में साफ-सफाई,सैनिटाइजेशन और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना भी आवश्यक है।डॉ. प्रतीक उमरे ने यह भी कहा कि यदि किसी क्षेत्र में मृत पक्षी या असामान्य स्थिति दिखाई देती है तो प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करते हुए उस क्षेत्र को चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए।साथ ही पशुपालकों और व्यापारियों को निर्देशित किया जाए कि वे बिना जांच के पक्षियों की बिक्री न करें और प्रशासन को समय-समय पर जानकारी देते रहें।उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।यदि कहीं भी मृत पक्षी या बीमार मुर्गियों की जानकारी मिलती है तो तुरंत प्रशासन या पशुपालन विभाग को सूचित करें।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि समय रहते प्रशासनिक सतर्कता और जनजागरूकता से बर्ड फ्लू जैसी बीमारी को फैलने से रोका जा सकता है।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग किया कि जिले में विशेष निगरानी टीम गठित कर नियमित निरीक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाए ताकि दुर्ग जिले के नागरिक सुरक्षित रह सकें।