*ग्राम चिचबोड़ और बरबसपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई भक्त माता कर्मा जयंती*
*जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने दी शिरकत*
बालोद :- साहू समाज की आराध्य देवी, शिरोमणि भक्त माता कर्मा की जयंती के अवसर पर गुण्डरदेही क्षेत्र के ग्राम चिचबोड़ और बरबसपुर में भक्ति और उत्साह देखने को मिला। इस पावन अवसर पर आयोजित विशेष पूजा-अर्चना और सामाजिक सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में सामाजिक पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने माता कर्मा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा और भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं माता कर्मा के जयकारे लगाते हुए शामिल हुईं। चिचबोड़ और बरबसपुर दोनों ही स्थानों पर सामाजिक एकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान मंच से समाज के गौरव और माता कर्मा के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर अध्यक्ष जिला पंचायत बालोद ने कहा कि भक्त माता कर्मा केवल साहू समाज के साथ साथ संपूर्ण मानव जाति के लिए त्याग और अटूट भक्ति की प्रतीक हैं। उन्होंने सिखाया कि सच्ची भक्ति के वश में स्वयं भगवान भी होते हैं। आज के इस दौर में हमें माता कर्मा के दिखाए सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। समाज की असली शक्ति उसकी एकता और शिक्षा में निहित है। मुझे खुशी है कि हमारा समाज अपनी संस्कृति को सहेजते हुए विकास की ओर अग्रसर है। जिला पंचायत सभापति कांति सोनेश्वरी ने कहा कि माता कर्मा जयंती का यह उत्सव हमें अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर देता है। हम संकल्प लें कि हम अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देंगे और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करेंगे। संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकता है। ग्राम चिचबोड़ और बरबसपुर के स्वजातीय बंधुओं ने जिस गर्मजोशी से यह आयोजन किया है, वह सराहनीय है।
इस अवसर पर ग्राम बरबसपुर में भेनूराम साहू सरपंच, भानुमती साहू उपाध्यक्ष जिला साहू संघ बालोद डोमेश्वरी साहू, राजकुमार ठाकुर ग्रामीण अध्यक्ष, कुबेर चौधरी, हेमशंकर साहू अध्यक्ष साहू समाज, ताराचंद साहू तथा ग्राम चिचबोड़ के कार्यक्रम में तेजराम साहू पूर्व जनपद सदस्य, भागवत प्रसाद साहू सरपंच, कविता ध्रुव उपसरपंच, मुकेश साहू अध्यक्ष साहू समाज, राजकुमार साहू ग्रामीण अध्यक्ष, हेमलता साहू , मीना साहू पंच, रामजी साहू, ढालसिंह साहू, रामचरण साहू, रोहित देवांगन, जीधन साहू एवं समस्त ग्रामवासी,भारी संख्या में ग्रामीण जन और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।