प्रेस विज्ञप्ति
*भक्ति और आस्था से गूंजा भरुवाडीह कला: पंच दिवसीय रामायण का भव्य आयोजन*
ग्राम भरुवाडीह कला में श्री राम मानस मंडली, जानवी मानस परिवार तथा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से पंच दिवसीय रामायण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल होकर भक्ति भाव के साथ राम कथा का श्रवण कर रहे हैं। दूर-दूर के गांवों से आई रामायण टोलियों द्वारा प्रस्तुत राम कथा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है और ग्रामवासी अत्यंत उत्साह एवं श्रद्धा के साथ इस आयोजन में सहभागी बन रहे हैं।आयोजन समिति के सदस्य योगेश निषाद, भगत निषाद, हीरा सिंह वर्मा, नारायण साहू, जागेश्वरी निषाद, रमेश निषाद आदि ने संयुक्त रूप से बताया कि राम कथा प्रस्तुत करने के लिए पधारे सभी रामायण टोलियों को शाल, श्रीफल तथा 701 रुपये की राशि प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की जा रही है। साथ ही इस अवसर पर सभी श्रद्धालुजनों के लिए भोजन आदि की समुचित व्यवस्था भी की गई है, जिससे दूर-दूर से आए भक्तगण प्रसाद ग्रहण कर सकें। शिक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा एवं राम जी निषाद ने बताया कि ग्राम भरुवाडीह कला में राम कथा का आयोजन प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और परंपरा के साथ किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि इन्हीं तिथियों में समीपस्थ ग्राम कठिया, कुम्हारी और पचदेवरी में भी राम कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है।
इस आयोजन में ग्राम की सरपंच चित्ररेखा सेतकुमार बंजारे सहित ग्राम के सभी गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालुजन सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।