*माता बगदाई मंदिर के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भक्ति के रंग में रंगा चंदनबिरही, स्वर्ण जयंती और अखंड राम सप्ताह का भव्य आयोजन*
*माता बगदाई मंदिर के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भक्ति के रंग में रंगा चंदनबिरही, स्वर्ण जयंती और अखंड राम सप्ताह का भव्य आयोजन*
*बालोद :-* गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम चंदनबिरही में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है जहाँ माता बगदाई मंदिर प्रांगण में अखंड राम सप्ताह ज्ञान यज्ञ और मंदिर के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है।एक सप्ताह तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरा क्षेत्र श्री राम के जयघोष से गुंजायमान हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन विभिन्न मानस मंडलियों और भजन टोलियों द्वारा प्रभु श्री राम की महिमा का बखान किया जा रहा है। दूर-दराज से आई मंडलियों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। 100 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को समेटे माता बगदाई मंदिर की स्वर्ण जयंती के अवसर पर विशेष साज-सज्जा और धार्मिक अनुष्ठानों ने माहौल को दिव्य बना दिया है।
समारोह के आयोजन के दौरान कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं बालोद जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने सर्वप्रथम माता बगदाई की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जिसके पश्चात आयोजन समिति द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कांकेर लोकसभा के सांसद भोजराज नाग ने संबोधित करते हुए कहा कि आज चंदनबिरही की पावन धरा पर माता बगदाई के सानिध्य में आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। किसी मंदिर के 100 वर्ष पूर्ण होना हमारी पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही आस्था और संस्कारों का प्रमाण है। प्रभु श्री राम का जीवन हमें मर्यादा और संघर्ष सिखाता है। आज जब हम राम सप्ताह मना रहे हैं, तो हमें केवल राम का नाम नहीं लेना है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना है। माता बगदाई की कृपा इस गाँव पर सदैव बनी रहे। यह स्वर्ण जयंती समारोह हमारी संस्कृति के संरक्षण का एक बड़ा स्तंभ है। मैं ग्रामवासियों को इस सफल आयोजन और अटूट एकता के लिए बधाई देता हूँ। जिल पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि ग्राम चंदनबिरही ने आज भक्ति और शक्ति का जो उदाहरण पेश किया है, वह सराहनीय है। अखंड राम सप्ताह के माध्यम से जो सकारात्मक ऊर्जा यहाँ प्रवाहित हो रही है, वह गाँव के विकास और भाईचारे को नई मजबूती देगी। माता बगदाई का आशीर्वाद हम सभी पर है कि आज हम इस ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती के साक्षी बन रहे हैं। 100 वर्षों से यह मंदिर आस्था का केंद्र बना हुआ है। हमारी आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। आयोजन समिति और समस्त ग्रामवासियों ने जिस तन्मयता से इस यज्ञ को सफल बनाया है, वह गौरव का विषय है।
मंदिर के 100 साल पूरे होने पर क्षेत्र की प्रतिष्ठित मानस मंडलियों द्वारा रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का सजीव वर्णन किया जा रहा है जिसमें ग्राम चंदनबिरही सहित आसपास के दर्जनों गाँवों के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। उक्त कार्यक्रम के दौरान श्रीमती कांति सोनेश्वरी सभापति जिला पंचायत बालोद, टोमन साहू, पुरुषोत्तम चंद्राकर अध्यक्ष जनपद पंचायत गुण्डरदेही, गुलशन साहू सभापति जनपद पंचायत गुण्डरदेही, अनूप देशमुख जिला महामंत्री भाजयुमो सहित जय मां बगदाई मंदिर समिति के सदस्यगण और ग्रामवासियों की उपस्थिति रही।