बेमेतरा: देवकर में जुए के फड़ पर पुलिस का बड़ा छापा, 9 जुआड़ी गिरफ्तार, ₹2.38 लाख का मशरूका बरामद
मेघू राणा बेमेतरा= जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू के निर्देशन में साइबर सेल और देवकर पुलिस की संयुक्त टीम ने नदी किनारे चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 9 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने मौके से करीब 1.43 लाख रुपये नगद और मोबाइल सहित कुल 2.38 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवकर स्थित मंगल भवन के पीछे, बगीचा नदी किनारे कुछ लोग बड़े पैमाने पर 'काट पत्ती' नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक होने पर साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा और चौकी प्रभारी देवकर उप निरीक्षक अलील चंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रेड मारी।
पुलिस को आते देख कुछ जुआड़ी मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर 9 आरोपियों को धर दबोचा।
जब्त सामग्री का विवरण
पुलिस ने जुआरियों के पास और फड़ से निम्नलिखित सामग्रियां बरामद की हैं:
नगद राशि: ₹1,43,380/-
मोबाइल: 12 नग (कीमत लगभग ₹95,000/-)
कुल मशरूका: ₹2,38,380/-
अन्य: 52 पत्ती ताश।
इन पर हुई कार्रवाई
पकड़े गए आरोपियों में विजय वर्मा, राहुल पांडे, कैलाश शर्मा, सूरज कुंजाम, डिकेश कहार (निवासी धमधा), मिथुन कुंजाम, दिनेश साहू, मोहन सिन्हा और प्रकाश अग्रवाल शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
टीम की सराहना
इस बड़ी कार्यवाही में साइबर सेल और देवकर चौकी के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। एएसपी हरीश कुमार यादव, डीएसपी राजेश कुमार झा और एसडीओपी विनय कुमार व भूषण एक्का के मार्गदर्शन में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। टीम में सउनि छोटेलाल बंजारे, प्रधान आरक्षक योगेश यादव, ललित केरकेट्टा और अन्य आरक्षकों का विशेष योगदान रहा।