*पेंशनरों की आवाज बुलंद: पाँच सूत्रीय मांगों को लेकर खरोरा में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन, सौ से अधिक पेंशनर्स हुए शामिल*
प्रेस विज्ञप्ति
*पेंशनरों की आवाज बुलंद: पाँच सूत्रीय मांगों को लेकर खरोरा में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन, सौ से अधिक पेंशनर्स हुए शामिल*
छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज, छत्तीसगढ़ राज्य रायपुर के आव्हान पर छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज तहसील शाखा खरोरा द्वारा अपनी पाँच सूत्रीय मांगों को लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक खरोरा में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस धरना प्रदर्शन में क्षेत्र के सौ से अधिक पेंशनर्स उत्साहपूर्वक उपस्थित हुए और अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। धरना स्थल पर पेंशनर्स ने प्रमुख रूप से पेंशनरी भुगतान के लिए सहमति की प्रक्रिया समाप्त करने, राहत पेंशन का भुगतान नियत समय पर सुनिश्चित करने, छठवें वेतनमान के अनुसार 32 माह के एरियर का शीघ्र भुगतान करने, सातवें वेतनमान के अनुरूप 27 माह के लंबित एरियर का भुगतान करने तथा पेंशनर्स कल्याण निधि से पेंशनरों को चिकित्सा व्यय की राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इस अवसर पर पेंशनर्स संघ के संयोजक सीताराम यादव, संघ के संरक्षक के.आर. वर्मा, संघ के महामंत्री अम्बिका प्रसाद वर्मा, अध्यक्ष गोपाल दास पदवार, फणेन्द्र भूषण पटेल, भूपेन्द्र नायक, सुरेन्द्र कुमार वर्मा, महेश कुमार वर्मा, सुरेश कुमार साहू एवं श्री बलदाऊ प्रसाद निर्मलकर ने पेंशनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक पेंशनरों की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन के पश्चात उपस्थित पेंशनर्स ने मुख्यमंत्री के नाम माननीय तहसील खरोरा को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र मांगों के निराकरण की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। उक्त जानकारी शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा द्वारा दी गई।