प्रेस विज्ञप्ति
कला केंद्र बालोद में भाजपा जनों ने मनाई संत बाबा रविदास जयंती
बालोद। जिला मुख्यालय बालोद स्थित कला केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महान संत कवि एवं समाज सुधारक संत बाबा रविदास जी की 649वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा रविदास जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनों ने उनके जयकारे लगाए और उनके आदर्शों एवं कार्यों को स्मरण किया।
जिला महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि 15वीं शताब्दी के महान संत रविदास जी युग प्रवर्तक संत थे। उन्होंने उस दौर में समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, छुआछूत जैसी कुरीतियों को दूर करने का महत्वपूर्ण कार्य किया और समरस समाज की स्थापना का संदेश दिया।
राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हास्के ने कहा कि संत किसी एक समाज के नहीं होते, उनका जन्म समस्त मानवता के कल्याण के लिए होता है। संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त बुराइयों के विरुद्ध अलख जगाई। उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए मानव समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा और वे युगों-युगों तक पूजनीय रहेंगे।
जनपद पंचायत डौंडी लोहरा के उपाध्यक्ष जय लाल मालेकर ने संत रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भक्ति काल में उनका जन्म ऐसे समय हुआ जब समाज में जाति-पांति और भेदभाव का बोलबाला था। उन्होंने समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनका प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” मन की शुद्धता और कर्म की पवित्रता को महत्व देता है।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष के.आर. डहरी ने संत रविदास जी के जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों का विरोध किया और निराकार ईश्वर की भक्ति का संदेश दिया। उनकी भक्ति रचनाएँ लोकवाणी में प्रचलित हैं तथा गुरु ग्रंथ साहिब एवं पंचवाणी में भी संकलित हैं।
नगर पालिका परिषद बालोद की पार्षद सुनीता मनहर ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने समानता और मानव अधिकारों पर आधारित समाज की कल्पना की, जो आज भी प्रासंगिक है।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष देशमुख, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णकांत पवार, पवन साहू, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव, सौरभ लूनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, भाजपा उपाध्यक्ष कौशल साहू, भुनेश्वरी ठाकुर, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, जिला मंत्री सुरेंद्र देशमुख, प्रेम साहू, निशा योगी, हरीश सांखला, ताराचंद सांखला, युवा मोर्चा अध्यक्ष गुलशन साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष मोना तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष समीर खान, मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, अरुण साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संत बाबा रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ।