*बाबा अर्धनारीश्वर मंदिर में त्रिदिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा से गूंजा बेल्दार सिवनी*
*बाबा अर्धनारीश्वर मंदिर में त्रिदिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा से गूंजा बेल्दार सिवनी*
खरोरा ,
ग्राम बेल्दार सिवनी स्थित बाबा अर्धनारीश्वर मंदिर में आयोजित त्रिदिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। महोत्सव के प्रथम दिवस मंदिर परिसर में प्रातः काया शुद्धि एवं दीक्षाग्रहण पूजन संपन्न कराया गया, जिसमें आचार्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठानों में दीक्षित किया।
इसके पश्चात मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कलश पूजन किया गया और भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर ग्राम के प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों से होते हुए भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ आगे बढ़े। पूरे ग्राम में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया। कलश यात्रा का समापन बाबा अर्धनारीश्वर मंदिर परिसर में हुआ।
मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज में संस्कार, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला भी है। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए मंदिर समिति और ग्रामवासियों को बधाई देते हुए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
महोत्सव के अंतर्गत 5 फरवरी को सायं 4 बजे से हिरेश सिन्हा द्वारा भजन-कीर्तन तथा रात्रि 9 बजे से रामायण मानस करमदा का आयोजन किया गया।
द्वितीय दिवस (6 फरवरी) को प्रातः 10 बजे से वेदी पूजन एवं आधिवास यज्ञ होगा, वहीं रात्रि 8 बजे से पूजा मानस परिवार, महासमुंद द्वारा भक्ति प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
तृतीय दिवस (7 फरवरी) को प्रातः 10 बजे से भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा, हवन-पूजन, पूर्णाहुति एवं विशाल भोग-भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रात्रि 8 बजे से आंचल मानस परिवार रिकोकला एवं बलौदा बाजार द्वारा रामायण की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी।
यह पावन आयोजन 5 फरवरी से 7 फरवरी तक बाबा अर्धनारीश्वर मंदिर निर्माण समिति एवं समस्त ग्रामवासी बेल्दार सिवनी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने की अपील की है।
श्री रोहित वर्मा जी की खबर