तिल्दा नेवरा।
दिलीप वर्मा।
तिल्दा-नेवरा नगर से संचालित आंनलाईन सट्टा का जाल देश के बड़े शहरों तक।
तिल्दा-नेवरा नगर से संचालित ऑनलाइन सट्टे का जाल अब एक सीमित क्षेत्र की समस्या नहीं रह गया है, बल्कि इसके तार देश के कोने-कोने तक फैल चुके हैं। जिस नगर को कभी शांत, मेहनतकश और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता था, वही आज डिजिटल सट्टेबाजी के एक मजबूत केंद्र के रूप में चर्चा में है। मोबाइल फोन, इंटरनेट और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा ने इस अवैध कारोबार को ऐसा पंख दिए हैं कि सट्टेबाज घर बैठे पूरे देश में अपना नेटवर्क चला रहे हैं।
इस ऑनलाइन सट्टे की सबसे खतरनाक विशेषता इसकी अदृश्यता है। न तो कहीं भीड़ दिखती है, न ही खुलेआम लेन-देन। सब कुछ मोबाइल ऐप, टेलीग्राम चैनल, व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी वेबसाइटों के ज़रिये हो रहा है। तिल्दा-नेवरा से बनाए गए गजानंद , गणपति, मोटा भाई, रिशु एप जैसे आईडी और लिंक के माध्यम से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद जैसे महानगरों से लेकर छोटे कस्बों तक लोगों को जोड़ा जा रहा है। करोड़ों रुपये का लेन-देन रोज़ाना डिजिटल खातों से होता है, और कानून सिर्फ़ मूक दर्शक बना हुआ दिखाई देता है।
इस सट्टे का सबसे बड़ा शिकार युवा वर्ग है। बेरोज़गारी और जल्दी अमीर बनने की चाह ने उन्हें इस दलदल में धकेल दिया है। शुरुआत में छोटे मुनाफ़े का लालच दिया जाता है, फिर धीरे-धीरे उन्हें बड़ी रकम दांव पर लगाने के लिए उकसाया जाता है। नतीजा यह होता है कि कर्ज़, पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव और कई बार अपराध का रास्ता। कई परिवारों की आर्थिक नींव इस ऑनलाइन सट्टे ने हिला दी है।
चिंता की बात यह भी है कि इस नेटवर्क के पीछे संगठित गिरोह काम कर रहे हैं, जिनके पास तकनीकी ज्ञान, फर्जी बैंक खाते और डिजिटल वॉलेट का पूरा ढांचा मौजूद है।
सवाल उठता है कि इतनी बड़ी व्यवस्था बिना स्थानीय स्तर की जानकारी या संरक्षण के कैसे फल-फूल रही है? क्या प्रशासन की नज़र इतनी कमज़ोर है, या ओफिर जानबूझकर आँखें मूँदी जा रही हैं? जब एक छोटे नगर से पूरे देश में सट्टा संचालित हो सकता है, तो यह कानून-व्यवस्था पर सीधा प्रश्नचिह्न है।
ऑनलाइन सट्टा केवल आर्थिक अपराध नहीं है, यह सामाजिक अपराध भी है। यह युवाओं का भविष्य छीनता है, परिवारों को तोड़ता है और समाज में अपराध व अस्थिरता को बढ़ावा देता है। अगर समय रहते इस पर कठोर और ईमानदार कार्रवाई नहीं हुई, तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ेंगे।
तकनीकी निगरानी, बैंकिंग लेन-देन की सख़्त जाँच और दोषियों पर बिना दबाव के कार्रवाई जरूरी है।
तिल्दा-नेवरा को सट्टे का केंद्र नहीं, बल्कि कानून और चेतना की मिसाल बनाना आज सबसे बड़ी ज़रूरत है।