*“प्रोजेक्ट अंतरिक्ष के तहत इसरो इंजीनियर ने विद्यार्थियों को दी अंतरिक्ष विज्ञान की रोचक जानकारी”*
शासकीय हाई स्कूल मांठ में प्रोजेक्ट अंतरिक्ष के तहत एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें इसरो के इंजीनियर सुभाष देवांगन ने विद्यार्थियों को सैटेलाइट, उनकी कार्यप्रणाली तथा उन्हें अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित करने वाले विभिन्न रॉकेटों के बारे में विस्तृत और सरल भाषा में जानकारी प्रदान की। इंजीनियर देवांगन द्वारा दिए गए रोचक वैज्ञानिक तथ्यों और प्रस्तुतीकरण ने बच्चों में उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों ने पूरे ध्यान और आनंद के साथ सत्र को सुना, साथ ही अंतरिक्ष से जुड़े अनेक प्रश्न भी पूछे जिनका देवांगन ने बेहद सहजता से उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंत में शासकीय हाई स्कूल मांठ की प्राचार्य सुश्री सुशीला वर्मा ने इंजीनियर सुभाष देवांगन एवं उनकी टीम का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने देवांगन सर के सरल एवं प्रेरक प्रस्तुतीकरण की विशेष सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण आशाराम वर्मा, देवेंद्र बर्मन, यामीन वर्मा, शिवानी वर्मा, मंजू वर्मा, सरस्वती वर्मा, रेखा मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा द्वारा प्रदान की गई।