*जनता की सुविधा और प्रशासनिक व्यवस्था की निरंतरता सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए - डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की चल रही हड़ताल को समाप्त करवाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।डॉ. प्रतीक उमरे ने इस हड़ताल के कारण तहसील कार्यालयों में उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याओं और आम जनता को हो रही असुविधाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की हड़ताल के चलते तहसील कार्यालयों में आवश्यक प्रशासनिक कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं।इससे राजस्व संबंधी कार्य,भूमि रिकॉर्ड, प्रमाण पत्रों का निर्माण और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएँ प्रभावित हो रही हैं।इस स्थिति का सबसे अधिक नुकसान आम जनता विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों और छोटे किसानों को उठाना पड़ रहा है,जिन्हें अपने दस्तावेजों और जमीन से संबंधित कार्यों के लिए तहसील कार्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता है।हड़ताल के कारण तहसील कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं,लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।यह स्थिति न केवल जनता के लिए कष्टकारी है,बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यक्षमता पर भी सवाल उठाती है।उन्होने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इस मामले में तुरंत पहल करने की अपील की है।उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार हड़ताली कर्मचारियों के साथ तत्काल संवाद स्थापित कर उनकी मांगों पर विचार करे और आपसी सहमति से इस हड़ताल को समाप्त करवाए ताकि तहसील कार्यालयों में कामकाज सामान्य हो सके।उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और प्रशासनिक व्यवस्था की निरंतरता सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
भवदीय
डॉ. प्रतीक उमरे
पूर्व एल्डरमैन
नगर निगम दुर्ग।