प्रतिबंध के बाद भी टाउनशिप में भारी वाहन प्रवेश कर सीमेंट के ब्लॉक को पहुंचा रहे क्षति
शहर काे सुंंदर बनाने नगर पालिका सड़क के दोनों तरफ 3 फीट चौड़ा सीमेंट का ब्लॉक लगवाने का काम करा रहा है। इससे पैदल चलने वाले लोगों को सुविधा होगी। लेकिन इसमें भारी वाहन खड़ी कर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। शहर के बस स्टैंड चौक से बीएसपी अस्पताल चौक ,जेडी ऑफिस के पास से ओपन थियेटर, क्रिकेट ग्राउंड से डीएवी स्कूल तक सड़क के दोनों ओर सीमेंट का ब्लॉक लगाया जा रहा है। अधिकतर स्थानों पर ब्लॉक लगाने का का पूरा हो गया है। लेकिन टाउनशिप में प्रतिबंध के बाद भी भारी वाहनों का प्रवेश हो रहा है।
सड़क किनारे ब्लॉक पर भारी वाहन खड़ी कर देने से टूट रहे है। लोगों का कहना है कि नगरपालिका लाखों खर्च कर ब्लॉक लगवा रही है। जिससे सड़क सुंदर व चौड़ा हो गया है। लेकिन भारी वाहन सुंदरता को बिगाड़ रहे हैं। महाप्रबंधक सुरक्षा खान व पर्यावरण ने कहा है कि टाउनशिप में भारी वाहन खड़ी कर देने को लेकर हम लोग परेशान है। सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर देने से टाउनशिप के लोगो को आने-जाने में परेशानी होती है। रात के समय नियमित व ठेका श्रमिक ड्यूटी जाते हैं। इसी प्रकार बीएसपी के ट्रेनिंग सेंटर के सामने वाहन होने से कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसे लेकर कई बार पुलिस अधीक्षक व थाना प्रभारी को लिखित में शिकायत किया गया। लेकिन पुलिस चालानी कर खानापूर्ति करती है। जिससे भारी वाहन मालिकों को पुलिस पर खौफ नहीं है। यही वजह है कि लगातार मनमानी जारी है।
माइंस ऑफिस से फुटबॉल ग्राउंड के रास्ते वाहन आ रहे
टाउनशिप सीनियर मैनेजर इलेक्ट्रिकल अतुल काले ने कहा है कि इन सब परेशानी को देखते हुए नगर प्रशासक टाउनशिप ने सड़क पर बैरिकेड्स लगाया है, लेकिन माइंस ऑफिस से फुटबॉल ग्राउंड से होकर टाउनशिप जाने वाली सड़क को किसी क्षेत्र में आगजनी घटना होने पर फायर ब्रिगेड आसानी से पहुंच सके। इसलिए बैरिकेड्स नहीं लगाए हैं । उसी सड़क से भारी वाहन घुस रहे हैं। पिछले दिनों नगर प्रशासक ऑफिस के पास भारी वाहन ने बिजली खंभे को ठोकर मार दिया था। जिससे बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने से टाउनशिप में बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी।
वाहन मालिकों पर पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
नगरपालिका अध्यक्ष शीबू नायर ने कहा है कि नगर पालिका ने शहर को सुंदर बनाने टाउनशिप की सड़क किनारे सीमेंट का ब्लॉक लगवाया है। लेकिन भारी वाहन से नुकसान हो रहा है। इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन को किया गया। लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।