रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*13 दीये जलाकर मांगा आरोग्य और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद*
खरोरा। अंचल के अनेक गांवों में शुक्रवार शाम धनतेरस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
धनतेरस के अवसर पर घरों में 13 दीये प्रज्वलित कर विशेष पूजा की गई। लोगों ने पीढ़े पर 13 दीये रखकर नारियल, अगरबत्ती और प्रसाद के साथ भगवान धन्वंतरि की आराधना की। परिवार के सभी सदस्यों ने आरती उतारी और भगवान धन्वंतरि के जयकारे लगाए। घरों में जल रहे दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण जगमगा उठा।
इस अवसर पर सरिका वर्मा ने बताया कि धनतेरस का पर्व सभी के जीवन में उल्लास और खुशियां लेकर आता है। आरोग्य प्रदान करने वाले भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना से मन को अलौकिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।
त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। घरों की दीवारों और दरवाजों की रंगाई-पुताई कर उन्हें आकर्षक ढंग से सजाया गया। बाजारों में भी पूजा सामग्री, झाड़ू, नारियल और प्रसाद की खरीदारी को लेकर चहल-पहल रही।