जनजातीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार की नई पहल
प्रेस विज्ञप्ति
---------------
जनजातीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार की नई पहल
-----------------------------------
दल्ली राजहरा, 01 नवम्बर 2026। वनवासी कल्याण आश्रम दल्ली राजहरा के महिला कार्य आयाम द्वारा जनजातीय बहनों को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से आयोजित त्रैमासिक निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम समूह का समापन एवं द्वितीय समूह का शुभारंभ रविवार को ठेठवार पारा, चिखलाकसा स्थित वनवासी कल्याण आश्रम में किया गया।
कार्यक्रम में महिला कार्य आयाम की प्रान्त प्रमुख श्रीमती रेखा देशपांडे, प्रान्त सदस्य श्रीमती अनीता सिंह एवं विभाग प्रमुख श्रीमती नीलिमा चावरे की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बहनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाओं को केवल प्रशिक्षण प्रदान करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना भी आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से सिलाई प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके प्रथम समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक महिला समूह गठित करने की योजना बनाई गई है। इस समूह के माध्यम से महिलाएं थोक में कपड़ा क्रय कर सामूहिक रूप से सिलाई कार्य करेंगी तथा तैयार वस्त्रों एवं अन्य उत्पादों को बाजार में विक्रय कर आर्थिक गतिविधियों से जुड़ सकेंगी। इस पहल से महिलाओं को अपने कौशल का उपयोग कर नियमित आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त होगा।
इसके साथ ही महिलाओं को केवल सिलाई कार्य तक सीमित न रखते हुए अन्य व्यावसायिक एवं स्वरोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ने की भी योजना बनाई गई है। इसके लिए निकट भविष्य में उनकी रुचि एवं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नए व्यावसायिक कौशलों का प्रशिक्षण प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला वनवासी विकास समिति के अध्यक्ष श्री पवन कुमार गंगबोइर, सचिव कृष्णा साहू, श्रीमती रेनुका साहू जिला प्रमुख महिला आयाम, श्रीमती संगीता देवांगन नगर प्रमुख, श्रीमती राजेश्वरी साहू कोषाध्यक्ष, श्रीमती पुष्पा शांडिल्य, श्रीमती सुनीता भांडेकर, श्रीमती शिल्पी राय, महिला आयाम नगर एवं प्रशिक्षक श्रीमती संजीवनी भास्कर सहित महिला कार्य आयाम से जुड़ी मातृशक्ति एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। महिला कार्य आयाम की यह पहल प्रशिक्षण से रोजगार और रोजगार से आत्मनिर्भरता की दिशा में जनजातीय बहनों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
प्रेषक
कृष्णा साहू
सचिव
बालोद जिला वनवासी विकास समिति