संकुल नया बाजार राजहरा में जोन स्तरीय FLN बैठक संपन्न: उपचारात्मक शिक्षण और आकलन पर हुई विस्तृत चर्चा
संकुल नया बाजार राजहरा में जोन स्तरीय FLN बैठक संपन्न: उपचारात्मक शिक्षण और आकलन पर हुई विस्तृत चर्चा
दल्लीराजहरा: संकुल केंद्र नया बाजार राजहरा में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (FLN) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जोन स्तरीय समीक्षा सह-प्रशिक्षण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के 5 संकुलों—बिटाल, कोंडेकसा, चिखलाकसा, पुराना बाजार एवं नया बाजार राजहरा की 21 प्राथमिक शालाओं के 24 शिक्षकों सहित मास्टर ट्रेनर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
बैठक के दौरान कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों में बुनियादी दक्षताओं के विकास और अकादमिक सुदृढ़ीकरण से जुड़े मुख्य एजेंडों पर गहन विमर्श किया गया:
उपचारात्मक (रिमेडियल) शिक्षण: रिमेडियल कक्षाओं के प्रभावी संचालन के लिए शिक्षकों का उन्मुखीकरण किया गया।
आकलन प्रक्रिया: बच्चों के सीखने के स्तर की वास्तविक स्थिति जानने हेतु बेसलाइन आकलन के तरीकों को विस्तार से समझाया गया।
'संभव' वर्कबुक एवं शिक्षक निर्देशिका: रिमेडियल कार्ययोजना के तहत 'संभव किताब' के व्यावहारिक उपयोग तथा शिक्षक निर्देशिका के आधार पर दैनिक शिक्षण योजना तैयार करने पर मार्गदर्शन दिया गया।
अकादमिक मंथन: प्राथमिक स्तर पर हिंदी और गणित विषयों के शिक्षण को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।
प्रशिक्षण सह बैठक में FLN DRG लालमनी साहू एवं FLN BRG सदाराम भुआर्य ने संदर्भ व्यक्ति की भूमिका निभाते हुए शिक्षकों के प्रश्नों का समाधान किया। इस दौरान संकुल समन्वयक राजमल जैन सहित पांचों संकुलों के प्राथमिक कक्षाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।