रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*नौ दिनों की आराधना के बाद मां दुर्गा को दी गई विदाई, विसर्जन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब*
खरोरा।
खरोरा अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में शारदीय नवरात्र पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना में लीन रहे श्रद्धालुओं ने दुर्गा अष्टमी पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन कर ग्राम की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। पूरे नवरात्र के दौरान गांवों में भक्तिमय माहौल रहा और माता के जयकारों से क्षेत्र गूंजता रहा।
नवमी के अवसर पर खरोरा क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। माता की विदाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए। सेवा मंडली के सदस्यों ने पारंपरिक जसगीतों की मधुर प्रस्तुति दी। जसगीतों और माता के जयकारों के बीच श्रद्धालु प्रतिमा को लेकर शीतला तालाब पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
जसगीतों पर झूमते रहे श्रद्धालु
विसर्जन यात्रा के दौरान सेवा जसगीतों और शक्ति गीतों की धूम रही। ‘शारद मोर शक्ति मां’, ‘कंकालीन मोर माता’, ‘कौन नगर से निकले देवी कालिका’ और ‘कब तो लोहा बांधे’ जैसे गीतों पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए माता को विदाई देते रहे। कई भक्त पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गाल, जीभ, कान और शरीर के अन्य हिस्सों में सांग धारण कर अपनी आस्था प्रकट करते नजर आए। पुरुष सिर पर जलते हुए कलश लेकर चल रहे थे, वहीं युवतियां सिर पर टोकरी में जवारा धारण कर क्रमबद्ध तरीके से विसर्जन यात्रा में शामिल हुईं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी माता के दर्शन एवं विदाई के लिए शीतला तालाब पहुंचे।
विदाई के समय भावुक हुए भक्त
नौ दिनों तक माता की सेवा और आराधना के बाद विदाई के समय श्रद्धालुओं में भावुकता और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। जहां नौ दिनों की पूजा-अर्चना की संतुष्टि श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखाई दी, वहीं माता की विदाई के दौरान कई भक्त भावुक हो गए। सभी ने मां दुर्गा से अगले वर्ष फिर गांव में पधारने और अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की।
प्रतिमा विसर्जन के बाद भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रसादी ग्रहण कर लोगों ने आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से अपने परिवार सहित पूरे गांव की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।
अटूट आस्था के साथ नवरात्र पर्व का समापन
खरोरा अंचल में नवरात्र पर्व के दौरान मां दुर्गा के प्रति ग्रामीणों की अटूट आस्था और भक्ति देखने को मिली। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, जसगीतों और धार्मिक आयोजनों से गांवों का वातावरण भक्तिमय बना रहा। प्रतिमा विसर्जन और भंडारा-प्रसादी वितरण के साथ कई गांवों में पर्व का समापन हुआ। वहीं, अंचल के कुछ अन्य गांवों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन विजयादशमी के अवसर पर किया गया। पूरे क्षेत्र में नवरात्र पर्व को लेकर श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।