राज्यपाल रमेन डेका ने बेमेतरा में किया 'द प्राइम फिटनेस' जिम का भव्य उद्घाटन, युवाओं को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
राज्यपाल रमेन डेका ने बेमेतरा में किया 'द प्राइम फिटनेस' जिम का भव्य उद्घाटन, युवाओं को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
बेमेतरा:
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज बेमेतरा प्रवास के दौरान परशुराम चौक, प्रजापति ब्रह्माकुमारी के सामने स्थित अत्याधुनिक 'द प्राइम फिटनेस' जिम का विधिवत फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया।
उद्घाटन के अवसर पर राज्यपाल ने जिम परिसर का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध विश्वस्तरीय आधुनिक फिटनेस उपकरणों की सराहना की। उपस्थित जनसमूह और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए स्वस्थ शरीर का होना अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से नशे और सुस्त जीवनशैली से दूर रहकर नियमित व्यायाम अपनाने और अपनी दिनचर्या में फिटनेस को शामिल करने का आह्वान किया।
'द प्राइम फिटनेस' जिम प्रबंधन के अनुसार, यहां क्षेत्र के नागरिकों को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक कसरत उपकरण और प्रमाणित अनुभवी ट्रेनर्स की व्यवस्था की गई है। व्यक्तिगत मार्गदर्शन और बेहतर वातावरण मिलने से यह केंद्र स्थानीय युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में युवा उपस्थित रहे। जिम की शुरुआत से शहरवासियों में स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।