*भव्य पोला महोत्सव में ग्रामीण महिलाओं ने दिखाया उत्साह, विविध प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा*
रिपोर्टर रोहित वर्मा
खरोरा
*भव्य पोला महोत्सव में ग्रामीण महिलाओं ने दिखाया उत्साह, विविध प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा*
खरोरा
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भरुवाडीह कला में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य पोला महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय के प्रधान पाठक दिनेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में तीजा-पोला पर्व मनाने पहुंचीं महिलाओं सहित गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में घड़ा दौड़, गिलास दौड़, फुगड़ी दौड़, पिठईया दौड़, रस्सा खींच, सुई-धागा दौड़, बिस्किट खाओ, नड्डा खाओ, गुब्बारा दौड़, नदिया बैल दौड़, कमर रस्सा खींच एवं गीत गायन सहित अनेक रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में घड़ा दौड़ में भगईया ध्रुव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं गिलास दौड़ में यशोदा निषाद प्रथम एवं देवकी ध्रुव द्वितीय रहीं। फुगड़ी
प्रतियोगिता में देवकी ध्रुव प्रथम एवं मोनिका निषाद द्वितीय, पिठईया दौड़ में करीना धीवर एवं देवकी निषाद प्रथम तथा गायत्री निषाद एवं लिकेश्वरी निषाद द्वितीय रहीं। रस्सा खींच प्रतियोगिता में इंद्राणी एवं रुखमणी की टीम विजयी रही। बिस्किट खाओ प्रतियोगिता में देवकी ध्रुव तथा नड्डा खाओ प्रतियोगिता में यशोदा निषाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छह वर्ष के बच्चों के लिए आयोजित नदिया बैल दौड़ में नीरज निषाद प्रथम एवं तेजस्वी निषाद द्वितीय रहे। गीत गायन प्रतियोगिता में वीणा ध्रुव ने प्रथम तथा राधा वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कमर रस्सा खींच प्रतियोगिता में करीना, उर्वशी एवं विराजो विजयी रहीं। सभी प्रतिभागियों को आयोजन समिति की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच चित्ररेखा सेत कुमार बंजारे की गरिमामयी उपस्थिति रही।विद्यालय के प्रधान पाठक दिनेश कुमार वर्मा ने कहा कि पोला महोत्सव को विद्यालय में प्रतिवर्ष आयोजित करने का उद्देश्य पारंपरिक संस्कृति एवं लोक खेलों को सहेजना तथा ग्रामीणों और विद्यार्थियों में उत्साह एवं सहभागिता की भावना विकसित करना है। आयोजन में सहयोगी शिक्षक कृष्ण कुमार साहू, समन्वयक नेम सिंह धीवर एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष भगत राम निषाद की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा एवं पत्रकार रोहित वर्मा की विशिष्ट उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं पारंपरिक आयोजन गांव की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पूरे आयोजन में ग्रामीण महिलाओं, बच्चों एवं उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पोला महोत्सव ने गांव में उत्सव एवं उमंग का माहौल बना दिया।