बेमेतरा:-चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान महोत्सव में हुए सम्मिलित, संतों का लिया आशीर्वाद
मेघू राणा बेमेतरा।सपाद लक्षेश्वर धाम, ग्राम सलधा में परम पूज्य परमाराध्य परमधर्माधीश, ज्योतिष्पीठाधीश्वर एवं जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज के पावन सान्निध्य में उपस्थित होकर उनके श्रीचरणों में सादर नमन करने एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व उपमुख्यमंत्री माननीय श्री टी.एस. सिंहदेव जी एवं पूर्व कृषि मंत्री माननीय श्री रवीन्द्र चौबे जी के साथ चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान महोत्सव में सम्मिलित होकर पूज्य स्वामी जी के दिव्य सान्निध्य का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान पूज्य दण्डी स्वामी श्रीमज्ज्योतिर्मयानन्द सरस्वती जी महाराज के श्रीचरणों में भी सादर प्रणाम कर उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। संतों एवं महात्माओं के पावन सान्निध्य से मन को आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी जनों के बीच धर्म, संस्कृति, संस्कार एवं सेवा के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश भी मिला। भारतीय सनातन परंपरा में संत-महात्माओं का मार्गदर्शन सदैव समाज को सत्य, धर्म, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा है। पूज्य संतों का आशीर्वाद जीवन में सदैव धर्म, सत्य, संस्कार और सेवा के पथ पर चलते हुए समाज एवं मानवता की सेवा करने की प्रेरणा प्रदान करता है इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन उपस्थित रहे।