*स्वाइन फ्लू के मरीजों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय — डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 17 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं,जिनमें 9 मरीज वर्तमान में एक्टिव हैं। इनमें 7 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं,जबकि 2 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव जैसे त्योहारों के आसपास भीड़भाड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए संक्रमण और फैलने का खतरा बढ़ सकता है।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलर्ट जारी करना और आइसोलेशन वार्ड तैयार करना सकारात्मक कदम है,लेकिन केवल अलर्ट पर्याप्त नहीं है।समय रहते प्रभावी और ठोस कदम उठाने की जरूरत है।संक्रमित मरीजों की संख्या में हुई यह वृद्धि स्वास्थ्य विभाग के लिए गंभीर चेतावनी है। ऐसे समय में केवल मरीज सामने आने के बाद उपचार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सक्रिय निगरानी,समय पर जांच,कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और जनजागरूकता को प्राथमिकता देना आवश्यक है।बच्चों,वृद्धजनों,गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार व्यक्तियों को विशेष खतरा रहता है।इसलिए प्रशासन को इन वर्गों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।उन्होंने कलेक्टर अभिजित सिंह से आग्रह किया है कि जिले के अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में आइसोलेशन बेड,ऑक्सीजन सुविधा और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की तुरंत जांच की व्यवस्था की जाए तथा रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराई जाए।स्कूलों,कॉलेजों,कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई एवं सेनिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग और निगरानी सख्ती से की जाए।उन्होंने कहा कि दुर्ग की जनता का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। जिला प्रशासन को इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान देते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो।