*सेवा संकल्प अभियान से संकुल पचरी के विद्यालयों में गूंजेगा सेवा और संकल्प का संदेश*
पचरी। छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संकुल केंद्र पचरी के समस्त विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिक्षक, विद्यार्थी, पालक, शाला प्रबंधन समिति एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे सभी विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं समुदाय के अन्य गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से दीप
प्रज्वलित किया जाएगा। वहीं 18 सितंबर को ड्राइंग एवं चित्रकला, रचनात्मक लेखन तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ये प्रतियोगिताएं कक्षा 1 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग स्तर पर आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं की मुख्य थीम “विगत 25 वर्षों में भारत और आने वाले 25 वर्षों में भारत की संकल्पना” रहेगी, जिसके माध्यम से विद्यार्थी देश की उपलब्धियों, वर्तमान विकास यात्रा तथा भविष्य के भारत की अपनी कल्पना को रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात 19 सितंबर को पालक-शिक्षक सम्मेलन, विद्यार्थियों द्वारा तैयार प्रदर्शनी एवं न्योता भोज
का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यालय, परिवार एवं समुदाय के बीच सहभागिता और संवाद को मजबूत किया जा सके। संकुल प्राचार्य अशोक कुमार कोशले ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों को देश की विकास यात्रा से जोड़ने और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सार्थक अवसर है। संकुल समन्वयक कांत कुमार ने सभी विद्यालयों में निर्धारित गतिविधियों को उत्साहपूर्वक संचालित करते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उन्हें भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य से जोड़ना इस अभियान की विशेष उपलब्धि होगी। उन्होंने संकुल पचरी के सभी विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों, पालकों, शाला प्रबंधन समितियों एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।