बेमेतरा:-विधायक दीपेश साहू ने कार्यालय में सुनी ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी
मेघू राणा बेमेतरा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का आज बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने अपने कार्यालय में समस्त स्टाफ एवं साथियों के साथ श्रवण किया।
इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को एक-दूसरे से जोड़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। आज की कड़ी में प्रधानमंत्री जी ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारवान युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को जानने-समझने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। अपने इतिहास को जानना युवाओं में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री जी देश के अलग-अलग क्षेत्रों में समाज के लिए बेहतर कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को सामने लाते हैं और देशवासियों को प्रेरित करते हैं। यह कार्यक्रम जनभागीदारी, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि हम सभी को प्रधानमंत्री जी के संदेशों को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाते हुए समाज और राष्ट्रहित में अपना योगदान देना चाहिए।
इस दौरान निज सहायक रश्मि शर्मा, कमलेश साहू,अविनाश साहू,भूपेंद्र साहू,लक्ष्मीनारायण यादव,आनंद साहू, राहुल साहू,शारदा वर्मा संतोषी लहरी, मुकेश ध्रुव, मिथलेश निषाद,भोलाराम साहू,हेमराम निषाद,कार्यालय के समस्त स्टाफ एवं साथीगण उपस्थित रहे।