*डॉ. प्रतीक उमरे की शिकायत के बाद गिवा ने विवादित रक्षा बंधन विज्ञापन हटाया*
रक्षा बंधन जैसे पवित्र एवं पारंपरिक भारतीय पर्व से जुड़े गिवा के विवादित विज्ञापन को लेकर दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे द्वारा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से तत्काल रोक एवं नियमानुसार जांच की मांग किए जाने के बाद गिवा ने उक्त विज्ञापन को सभी मीडिया माध्यमों से वापस ले लिया है।गिवा के इस अभियान में अभिनेत्री कृति सैनन को मुख्य रूप से प्रस्तुत किया गया था। विज्ञापन में रक्षा बंधन के अवसर पर भाई को राखी बांधने के साथ-साथ पालतू कुत्ते को भी राखी बांधने की प्रस्तुति की गई थी।इस मामले को लेकर डॉ. प्रतीक उमरे ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को ज्ञापन भेजकर विज्ञापन की सामग्री की जांच तथा जांच पूरी होने तक इसके प्रसारण एवं प्रचार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। जिसके बाद गिवा ने उक्त विज्ञापन को सभी मीडिया माध्यमों से वापस ले लिया है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि रक्षा बंधन केवल एक व्यावसायिक अवसर नहीं,बल्कि करोड़ों भारतीय परिवारों की भावनाओं और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा पर्व है।इसलिए ऐसे पर्व को व्यावसायिक विज्ञापन में प्रस्तुत करते समय सांस्कृतिक संवेदनशीलता और मर्यादा का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी कलाकार के व्यक्तिगत पहनावे या स्वतंत्रता पर सवाल उठाना नहीं था,बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों को व्यावसायिक प्रचार के दौरान जिम्मेदारी और सम्मान के साथ प्रस्तुत किया जाए।