भजनों व कीर्तन से गूंजा श्रद्धा का वातावरण, भिलाई में उल्लास के साथ मनाया गया संत नामदेव महाराज का समाधि सोहला
भजनों व कीर्तन से गूंजा श्रद्धा का वातावरण, भिलाई में उल्लास के साथ मनाया गया संत नामदेव महाराज का समाधि सोहला
भिलाई। सेक्टर-2 स्थित प्रशांत कुमार क्षीरसागर के निवास स्थान पर संत शिरोमणि नामदेव महाराज की पुण्यतिथि (समाधि सोहला) श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर सुबह से ही पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार प्रातः काकड़ आरती, मूर्ति पूजन, जलाभिषेक, भव्य पुष्प सज्जा एवं माल्यार्पण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना करके किया गया।
हरिपाठ, भजन-कीर्तन और दही हांडी का आयोजन
सुबह 10:30 बजे से श्री संत सेवा समिति एवं हरिपाठ मंडल सेक्टर-2 के तत्वावधान में हरिपाठ, अभंग और भजन-कीर्तन का विशेष आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान बाल रूप में श्रीकृष्ण बने ईशांत उरकुडे ने मटकी फोड़कर दही हांडी की परंपरा निभाई, जिसके बाद गोपालकाला का प्रसाद तैयार किया गया।
कीर्तन के माध्यम से संत शिरोमणि नामदेव महाराज के जीवन दर्शन और उनके भक्तिमय कार्यों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने उनके बताए भक्ति मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी भक्तों को गोपालकाला, हलवा, पूरी और मिठाइयों का महाप्रसाद वितरित किया गया।
भजन मंडलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में कविता शुक्ला के नेतृत्व में 'राधा किशोरी महिला मंडल', 'सेक्टर-2 हरिपाठ मंडल' तथा रायपुर से आई महिला भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
ये रहे उपस्थित
इस धार्मिक आयोजन में उषा प्रशांत क्षीरसागर, मुरली पुसे, प्रांजली राजेश क्षीरसागर, नेहा प्रहलाद क्षीरसागर, राज क्षीरसागर, ईश्वर पुसे परिवार, आनंद ज्योति, गायत्री निलेश फुसे, पियुष, रुद्र क्षीरसागर, संजय उरकुडे, गजू उरकुडे, लक्ष्मी जिल्हारे, शालिनी वजरे, सुषमा मुलतकर, दिलीप मुलतकर, आदेश, संजोद किटे, एम.के. पाटील, लीलाबाई वानखेड़े, ज्योति विजय माहूरकर सहित बड़ी संख्या में नामदेव समाज के श्रद्धालु उपस्थित थे।
समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने "जय जय हरी विठ्ठल, जय जय पांडुरंग" और "श्री संत शिरोमणि नामदेव महाराज की जय" के जयकारों से संपूर्ण परिसर को धर्ममय कर दिया।