रिपोर्टर रोहित वर्मा
खरोरा
*गुरु पूर्णिमा पर्व पर सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य सम्मान समारोह आयोजित*
खरोरा।
सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, खरोरा में गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि वेदव्यास जयंती के पावन अवसर पर माँ सरस्वती बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सचिव के सान्निध्य में आचार्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेतन दुबे (सब-इंस्पेक्टर, थाना खरोरा), विशेष अतिथि श्रीमती सुनीता अनिल सोनी (नगर अध्यक्ष, खरोरा), कविता चंदा, प्रदीप पटेल, रिखीराम साहू एवं लोकनाथ पोर्ते (सभी सब-इंस्पेक्टर, थाना खरोरा), श्रीमती लीला देवांगन (पार्षद, वार्ड क्रमांक 10), वल्लभ लाहोटी (अध्यक्ष, माँ सरस्वती बाल कल्याण समिति, रोहणीपुरम, रायपुर), प्रकाश सिंह ठाकुर (सचिव), मयंक बैस (कोषाध्यक्ष), डॉ. अजय कुलश्रेष्ठ (सदस्य) तथा विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी पाटकर द्वारा माँ सरस्वती एवं महर्षि वेदव्यास के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने गुरु की महत्ता पर आधारित गीत, कविता एवं भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
वक्ताओं ने कहा कि आषाढ़ पूर्णिमा के दिन मनाई जाने वाली गुरु पूर्णिमा गुरु-शिष्य परंपरा को सुदृढ़ करने का पर्व है। गुरु जीवन में अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को गुरुजनों का सदैव सम्मान करने का संदेश देते हुए गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएँ दीं।
प्राचार्य अश्वनी पाटकर ने गुरु एवं शिष्य के पवित्र संबंध की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन आचार्या श्रीमती कंचन वर्मा के मार्गदर्शन में बहन अनामिका साहू एवं शुमन सेन ने किया।
कार्यक्रम के अंत में माँ सरस्वती बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष वल्लभ लाहोटी, सचिव प्रकाश सिंह ठाकुर तथा कोषाध्यक्ष मयंक बैस ने विद्यालय के समस्त आचार्यों को आचार्य वेश एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
समाचार का प्रचार-प्रसार धरमू टंडन एवं श्रीमती सीमा पंसारी द्वारा किया गया।