*जरूरतमंद परिवारों को मिले प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ – डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा है कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ प्रत्येक वास्तविक गरीब एवं जरूरतमंद परिवार तक पहुंचना चाहिए।उन्होंने शासन द्वारा नियुक्त सर्वे दल एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से अपील की है कि वे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सर्वे कार्य संपन्न करें,ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक आवास निर्माण योजना नहीं,बल्कि गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने का अभियान है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्के मकान का सपना साकार करना है।इसलिए सर्वे के दौरान पात्रता का सही आकलन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव, तकनीकी त्रुटियों अथवा लापरवाही के कारण वास्तविक पात्र परिवार योजना से वंचित रह जाते हैं।ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए तथा पात्र लोगों के आवेदन और दस्तावेजों का गंभीरता से परीक्षण करना चाहिए।डॉ. प्रतीक उमरे ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे सर्वे दल को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करें,जिससे पात्रता निर्धारण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र परिवार का नाम छूट जाता है तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति एवं आवेदन अवश्य प्रस्तुत करना चाहिए।उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का उद्देश्य गरीब,निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के पात्र परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात के कारण कोई वास्तविक जरूरतमंद परिवार इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।