बेमेतरा:-एल्डरमैन जनसेवा और विकास की कड़ी, भिंभौरी को नई पहचान दिलाने का करेंगे कार्य : विधायक दीपेश साहू
बेमेतरा:-एल्डरमैन जनसेवा और विकास की कड़ी, भिंभौरी को नई पहचान दिलाने का करेंगे कार्य : विधायक दीपेश साहू
मेघू राणा बेमेतरा।भिंभौरी (बेमेतरा)। नगर पंचायत भिंभौरी के साहू सामुदायिक भवन में गुरुवार को एल्डरमेन (मनोनीत पार्षदों) के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में नगर पंचायत भिंभौरी के नवनियुक्त एल्डरमैनो को एसडीएम दीप्ती वर्मा ने नवनियुक्त एल्डरमैन ओमप्रकाश यदु, श्री अशोक पाटिल एवं श्री कोमल नेवल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि एल्डरमेन की नियुक्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनसेवा और विकास को नई ऊर्जा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भिंभौरी नगर पंचायत भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ेगी।
विधायक श्री साहू ने कहा कि नगर पंचायत के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। एल्डरमेन अपने अनुभव, सामाजिक सरोकार और जनहित की भावना के साथ नगर की आवश्यकताओं को समझते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक भवनों का विकास, नागरिक सुविधाओं का विस्तार तथा युवाओं और महिलाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने आगे कहा कि भिंभौरी नगर पंचायत को एक आदर्श एवं सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत प्रशासन और आम नागरिकों के समन्वय से विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमेन से अपेक्षा व्यक्त की कि वे दलगत भावना से ऊपर उठकर नगर के प्रत्येक नागरिक के हित में कार्य करेंगे और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
विधायक श्री साहू ने सभी नवनियुक्त एल्डरमेन को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दायित्व सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरना ही उनका सबसे बड़ा दायित्व होगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री संदीप परगनिहा, उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा रोशन साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री सूर्यकांत नायक, मंडल महामंत्री श्री उत्तम देवांगन, श्री देवदत्त साहू सहित नगर पंचायत के पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।