कार के बोनट और डिक्की में छिपाकर की जा रही थी गांजा तस्करी, महासमुंद पुलिस ने किया पर्दाफाश
महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार के इंजन (बोनट) और डिक्की में छिपाकर ले जाए जा रहे 31.540 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 15.77 लाख रुपये आंकी गई है। कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 20.52 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की मारुति डिजायर कार (UP-92 AT-9865) में दो व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना कोमाखान के सामने नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पंकज उदैनिया (33 वर्ष) एवं अभय नागर (22 वर्ष) निवासी जिला जालौन (उत्तर प्रदेश) बताए। तलाशी लेने पर कार के बोनट और डिक्की में छिपाकर रखा गया 31.540 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा नुआपाड़ा (ओडिशा) से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जब्त संपत्ति
31.540 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹15,77,000)
मारुति डिजायर कार (कीमत ₹4,50,000)
2 मोबाइल फोन (कीमत ₹25,000)
कुल जब्त संपत्ति: ₹20,52,000
बागबाहरा से हेमसागर यादव जी कि खबर