महासमुंद: पुलिस को मिली हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच।
महासमुंद जिले से रिपोर्टर हेमसागर यादव जी कि खबर
जिले में अपराध जांच को और अधिक तेज और वैज्ञानिक बनाने के लिए महासमुंद पुलिस को अत्याधुनिक हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन मिली है। यह हाईटेक वैन अब मौके पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, सैंपलिंग और टेस्टिंग करने में सक्षम होगी, जिससे गंभीर मामलों की जांच में तेजी आएगी।
हत्या, लूट और महिला अपराध जैसे मामलों में मौके पर ही होगी हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन से वैज्ञानिक जांच।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन एक चलते-फिरते वैज्ञानिक प्रयोगशाला के रूप में काम करेगी। हत्या, लूट, महिला संबंधी अपराध और अन्य जघन्य मामलों में घटना स्थल से तुरंत वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकेंगे। इससे घटनास्थल दूषित होने से पहले ही जरूरी डिजिटल और जैविक साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सकेगा।
वैन में मानव रक्त परीक्षण, फिंगर प्रिंट और फुट प्रिंट लिफ्टिंग, हस्तलिपि परीक्षण, डाटा रिट्रीव, अत्याधुनिक कैमरा और सूक्ष्मदर्शी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों की मदद से मौके पर ही प्राथमिक विश्लेषण किया जा सकेगा, जिससे अपराध अनुसंधान और अधिक प्रभावी होगा।
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी समेत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. लवकेश सिंह ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को वैन की तकनीकी विशेषताओं और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में मददगार साबित होगी।
महासमुन्द जिला से रिपोर्टर हेम सागर यादव जी कि खबर